गौतमबुद्ध नगर जिले में लापता किशोर का शव खाली मकान में मिला, हत्या की आशंका; कई लोग हिरासत में

Ads

गौतमबुद्ध नगर जिले में लापता किशोर का शव खाली मकान में मिला, हत्या की आशंका; कई लोग हिरासत में

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 11:12 AM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 11:12 AM IST

नोएडा (उप्र), 23 मई (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में लापता 15 वर्षीय छात्र का शव एक खाली मकान से बरामद किए जाने के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को जानकारी दी।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बनवारी वास गांव निवासी नौवीं कक्षा का छात्र गोपाल शर्मा 21 मई से लापता था। उसके पिता रवि भूषण ने 22 मई को जेवर थाना में बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

जिला पुलिस के प्रवक्ता विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार देर रात गोपाल का शव ग्राम रोही स्थित एक खाली मकान में पड़े होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

कुमार ने कहा, ‘‘परिजनों की शिकायत के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।’’

छात्र के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय रहते प्रभावी कार्रवाई करती तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और कुछ लोगों ने पुलिस के प्रति नाराजगी भी जताई।

एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं खारी

खारी