नयी दिल्ली, चार अक्टूबर (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी चौक से शुक्रवार को लापता हुआ दो वर्षीय बच्चा शनिवार को सीआरपीएफ कैंप के पास जंगली इलाके में मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बच्चे के लापता होने की सूचना शुक्रवार को खजूरी चौक पुलिस थाने में दी गई थी, जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान, बच्चे का शव सीआरपीएफ कैंप की चारदीवारी के पास जंगली इलाके में मिला। उसने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए फॉरेंसिक दलों को बुलाया गया है।
पुलिस ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि बच्चे के अपहरण और हत्या में शामिल लोगों की पहचान और पता लगाने के लिए कई दल गठित किये गए हैं।
अधिकारी ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप