नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) दिल्ली विधानसभा को बुधवार को ईमेल के जरिए एक बार फिर बम की धमकी मिली। एक दिन पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा बजट पेश किए जाने से कुछ समय पहले भी विधानसभा को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह एक ईमेल मिला जिसमें कहा गया कि विधानसभा के जारी सत्र के दौरान परिसर में कथित रूप से बम लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि संदेश भेजने वाले ने संदेश में कई भड़काऊ दावे और संदर्भ भी दिए थे।
यह घटनाक्रम विधानसभा को मंगलवार सुबह दो धमकी भरे ईमेल मिलने के एक दिन बाद सामने आया है। पहला ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा को भेजा गया था उसके बाद दूसरा ईमेल सुबह 7:49 बजे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भेजा गया जिसके कारण मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा बजट पेश करने से पहले व्यापक सुरक्षा जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि ताजा धमकी के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा परिसर के अंदर और आसपास जांच तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्ते और स्थानीय पुलिस की टीम जांच अभियान में शामिल है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हम हर धमकी को गंभीरता से ले रहे हैं। गहन जांच की जा रही है और निगरानी बढ़ा दी गई है।’’
साइबर विशेषज्ञों और सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए आईपी ट्रैकिंग और ईमेल हेडर विश्लेषण किया जा रहा है।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना