प्रधानमंत्री के जालंधर दौरे से पहले डेरा बल्लां और पांच विद्यालयों में बम विस्फोट की धमकी दी गई

Ads

प्रधानमंत्री के जालंधर दौरे से पहले डेरा बल्लां और पांच विद्यालयों में बम विस्फोट की धमकी दी गई

  •  
  • Publish Date - January 31, 2026 / 06:15 PM IST,
    Updated On - January 31, 2026 / 06:15 PM IST

चंडीगढ़, 31 जनवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां के मुख्यालय का दौरा करने से एक दिन पहले शनिवार को संप्रदाय और पांच विद्यालयों को बम विस्फोट की धमकियां मिलीं।

अधिकारियों ने बताया कि गुरु रविदास जयंती से संबंधित अवकाश के कारण बंद स्कूलों में व्यापक सुरक्षा जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के कारण डेरा परिसर पहले से ही कड़ी सुरक्षा में है।

अधिकारियों ने बताया कि स्कूलों को ईमेल भेजे गये थे, जिनमें इन्हें और डेरा बल्लां को उड़ाने की धमकी दी गई थी। उन्होंने बताया कि संदेशों में यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी ‘‘खालिस्तानियों के दुश्मन’’ हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘कम से कम पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिलने पर, पुलिस अधिकारियों ने स्कूल परिसर में सुरक्षा जांच शुरू की और बम निरोधक दस्ते को बुलाया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जांच के बाद विद्यालय परिसर में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।’’

उन्होंने कहा कि बम की धमकी वाले ईमेल जाहिर तौर पर प्रधानमंत्री मोदी की जालंधर यात्रा से पहले दहशत फैलाने के उद्देश्य से भेजे गये थे और मामले की फिलहाल जांच जारी है।

गुरु रविदास जयंती से पहले निकाली गई शोभा यात्रा के मद्देनजर शनिवार को जालंधर के स्कूल बंद रहे।

यह घटना चंडीगढ़ में बुधवार को कई स्कूलों को मिली इसी तरह की धमकियों के ठीक बाद हुई है। हालांकि वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया था।

इससे पहले पंजाब के अमृतसर, जालंधर एवं पटियाला तथा हरियाणा के अंबाला के कुछ विद्यालयों को भी ऐसी ही धमकियां मिली थीं जो बाद में फर्जी निकलीं।

इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के मद्देनजर जालंधर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश