सिरसा में बहन के प्रेमी की हत्या के आरोप में भाई-बहन गिरफ्तार

Ads

सिरसा में बहन के प्रेमी की हत्या के आरोप में भाई-बहन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 07:15 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 07:15 PM IST

सिरसा, तीन अगस्त (भाषा) हरियाणा के सिरसा में एक महिला और उसके भाई को अपनी बहन के प्रेमी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मृतक अंकित की जमाल गांव निवासी ममता से नियमित रूप से फोन पर बातचीत होती थी और ममता के परिवार वाले उनके रिश्ते का विरोध करते थे।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसी रिश्ते के कारण अंकित की हत्या की गई।

पुलिस ने बताया कि 28 जुलाई को सिरसा सदर थाना क्षेत्र के मौजदीन कस्बा माइनर नहर के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के फेफाना गांव निवासी सुरेश कुमार ने मृतक की पहचान अपने चचेरे भाई अंकित के रूप में की, जो 25 जुलाई से लापता था।

शिकायत के अनुसार, परिवार ने ‘व्हाट्सऐप ग्रुप’ पर प्रसारित शव की तस्वीरों को देखकर अंकित की पहचान की।

पुलिस ने बताया कि सुरेश बाद में सिरसा के सिविल अस्पताल पहुंचा और शव की पहचान अंकित के रूप में की।

पुलिस ने अंकित की हत्या के आरोप में ममता और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और परिवार के अन्य सदस्यों या सहयोगियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि मामले में जांच जारी है।

भाषा

राखी नरेश

नरेश