इस्लामाबाद, तीन अगस्त (भाषा) भारतीय राजनयिक सत्यांजल पांडे ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में भारत के प्रभारी राजदूत के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। भारतीय मिशन ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वर्ष 2008 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी पांडे ने गीतिका श्रीवास्तव का स्थान लिया है, जिन्हें अगस्त 2023 में इस पद पर नियुक्त किया गया था।
भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘डॉ. सत्यांजल पांडे ने एक अगस्त 2026 को इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में प्रभारी राजदूत के तौर पर कार्यभार संभाला।’
उच्चायोग की पोस्ट को दोबारा साझा करते हुए पांडे ने लिखा, ‘एक शानदार टीम का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’’
इससे पहले वह श्रीलंका में भारत के उप उच्चायुक्त थे।
अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा वापस लेने के भारत के फैसले के बाद पाकिस्तान द्वारा राजनयिक संबंधों का स्तर कम किए जाने के बाद इस्लामाबाद और दिल्ली स्थित भारतीय और पाकिस्तानी उच्चायोगों का नेतृत्व प्रभारी राजदूत कर रहे हैं।
भाषा जोहेब देवेंद्र
देवेंद्र