राजस्थान: 25 लाख में जेईएन का प्रश्नपत्र खरीदने वाला सहायक अभियंता गिरफ्तार

Ads

राजस्थान: 25 लाख में जेईएन का प्रश्नपत्र खरीदने वाला सहायक अभियंता गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 11:08 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 11:08 PM IST

जयपुर, तीन अगस्त (भाषा) राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 के प्रश्न पत्र लीक मामले में जल संसाधन विभाग के एक सहायक अभियंता को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोटा में जल संसाधन विभाग में तैनात 31 वर्षीय अतुल मीणा के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि मीणा पर परीक्षा का हल किया हुआ प्रश्नपत्र 25 लाख रुपये में खरीदने का आरोप है।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में वर्ष 2020 में सांगानेर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद भर्ती परीक्षा रद्द कर दी गई थी।

इसके बाद 12 सितंबर 2021 को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई, लेकिन जांच में पता चला कि पुनर्परीक्षा का प्रश्नपत्र भी परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था।

बंसल ने बताया कि इस मामले में एसओजी ने 19 जनवरी 2026 को नया मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की थी।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी हर्षवर्धन कुमार मीणा ने स्वीकार किया कि उसने परीक्षा से पहले अतुल मीणा सहित कई अभ्यर्थियों को लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था।

जांच में सामने आया कि अतुल मीणा ने मुख्य आरोपी के एक करीबी सहयोगी के माध्यम से सौदा तय किया और परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र हासिल कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, अतुल मीणा इससे पहले करीब एक दर्जन अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हुआ था लेकिन किसी में सफल नहीं हो सका था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

एसओजी उससे पूछताछ कर अन्य लाभार्थियों, प्रश्न पत्र लीक नेटवर्क और पूरे गिरोह के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बंसल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र