बीएसएफ ने बंगाल के पेट्रापोल में 2.45 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

बीएसएफ ने बंगाल के पेट्रापोल में 2.45 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया, एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 28, 2025 / 05:59 PM IST,
    Updated On - October 28, 2025 / 05:59 PM IST

बारासात (पश्चिम बंगाल), 28 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 2.45 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया गया। बीएसएफ ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 145वीं बटालियन के बीएसएफ कर्मियों ने सोमवार को पेट्रापोल स्थित अंतरराष्ट्रीय जांच चौकी (आईसीपी) पर भारतीय नागरिक को उस समय पकड़ लिया, जब वह बांग्लादेश से खाली ट्रक लेकर लौट रहा था।

ट्रक की तलाशी के दौरान, बीएसएफ कर्मियों ने उसमें छिपाकर रखे गए दो हरे पैकेट जब्त किए। इन पैकेट में 1,974.540 ग्राम सोने के आठ टुकड़े, छह सोने की छड़ और दो बिस्कुट थे। बयान में कहा गया है कि जब्त किए गए सोने की अनुमानित कीमत 2,45,79,073 रुपये है।

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान ट्रक चालक ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह पैसे कमाने के लिए भारत में सोने की तस्करी करने का प्रयास कर रहा था।

गिरफ्तार व्यक्ति को जब्त सोने और ट्रक के साथ जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क अधिकारियों को सौंप दिया गया है।

भाषा

शुभम माधव

माधव