दिल्ली में लूटपाट का विरोध करने पर बस के खलासी की हत्या

दिल्ली में लूटपाट का विरोध करने पर बस के खलासी की हत्या

दिल्ली में लूटपाट का विरोध करने पर बस के खलासी की हत्या
Modified Date: June 17, 2026 / 12:36 am IST
Published Date: June 17, 2026 12:36 am IST

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) पूर्वोत्तर दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में लूटपाट के प्रयास का विरोध करने पर राजस्थान के 25 वर्षीय खलासी की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के निवासी मुशर्रफ के रूप में हुई है। वह दिल्ली में एक निजी बस के खलासी के तौर पर काम करता था।

उसने बताया कि मुशर्रफ के परिवार में माता-पिता और बहनें हैं, जो आर्थिक रूप से उसी पर निर्भर थीं। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना 14 और 15 जून की दरमियानी रात की है, जब मुशर्रफ अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर उसे रोक लिया और लूटपाट का प्रयास किया।

एक सूत्र ने बताया, “जब पीड़ित ने लूटपाट के प्रयास का विरोध किया तो हमलावरों ने कथित तौर पर उस पर कई बार चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गए।”

बाद में मुशर्रफ खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस उसे गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

भाषा नोमान प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में