नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक नशीला दवाओं के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक दवा दुकान के एक मालिक और एक दवा आपूर्तिकर्ता सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया और अल्प्राज़ोलम की 17,800 गोलियां बरामद की हैं जिनकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन गोलियों का वजन दो किलोग्राम से अधिक है। बरामद की गई मात्रा, भारत में अल्प्राज़ोलम की अधिसूचित वाणिज्यिक मात्रा से 20 गुना अधिक है।
पुलिस ने बताया कि मध्य जिले के स्वापक रोधी प्रकोष्ठ को सोमवार को इलाके में मन: प्रभावी पदार्थ की आपूर्ति में कथित तौर पर शामिल एक व्यक्ति के बारे में विशिष्ट खुफिया जानकारी मिली।
इसके बाद, पुलिस की एक टीम ने शांति वन के पास जाल बिछाया और संतोष कुमार ठाकुर (35) को स्कूटी पर अल्प्राज़ोलम की गोलियां ले जाते हुए पकड़ा। पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान, पुलिस ने वाहन पर रखे एक कार्टन में पैक की गई अल्प्राज़ोलम की 15 हजार गोलियां बरामद कीं।
पुलिस ने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दरियागंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान ठाकुर ने खुलासा किया कि ये गोलियां गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित दवा की दुकान के मालिक आनंद कुमार वैष्णव से ली गई थीं।
पुलिस ने बताया कि ठाकुर के खुलासे के आधार पर दवा दुकान पर छापा मारा और अल्प्राज़ोलम की 2,800 और गोलियां बरामद कीं, जिसके बाद वैष्णव को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में आगे की जांच में पुलिस को उत्तर प्रदेश के हापुड़ के रहने वाले दवा आपूर्तिकर्ता शेरखान के बारे में जानकारी मिली जिसे बुधवार को पिलाखुवा में गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव