अहमदाबाद, दो जुलाई (भाषा) गुजरात के वडोदरा शहर की मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होगा और मतगणना तीन अगस्त को होगी। निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की।
यह उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के पिछले महीने निधन के कारण कराया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव की अधिसूचना छह जुलाई को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित की गई है।
नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को की जाएगी और उम्मीदवार 16 जुलाई तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को होगी।
भाजपा के आठ बार विधायक रहे और विजय रूपाणी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में राज्य मंत्री रह चुके पटेल का दो जून को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे।
पटेल ने वर्ष 1990 से 2007 के बीच पांच बार वडोदरा शहर की रावपुरा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन के पश्चात नवगठित मांजलपुर सीट से जीत दर्ज की।
पटेल ने 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में मांजलपुर सीट से जीत हासिल की थी।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश