नई दिल्लीः Assembly Elections in Five States पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में प्रचार चरम पर है। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक दिग्गज मैदान में उतर चुके हैं। रणनीतिकार स्वयं मोर्चा संभाल चुके हैं। केरल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दशकों पुराने सियासी समीकरणों को ध्वस्त करने का दावा किया तो राहुल गांधी ने बीजेपी पर सत्ता के ‘अहंकार’ हावी है कहकर प्रहार किया। क्या है केरल से पश्चिम बंगाल तक चुनावी हाल जानते हैं?
Assembly Elections in Five States केरल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थिरुवल्ला की धरती से बड़ा दावा किया है। पीएम ने कहा कि केरल इस बार इतिहास रचने जा रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर LDF की विदाई और NDA के आगमन की भविष्यवाणी कर दी है। मोदी का कहना है कि उन्होंने पहले भी केरल का दौरा किया है, लेकिन इस बार हवा का रुख पूरी तरह बदल चुका है। वहीं, केरल के अलाप्पुझा में सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब कोई व्यक्ति 5-10 साल तक सत्ता में रहता है, तो उनके मन में भ्रम पैदा होने लगता है। अचानक उन्हें लगने लगता है कि सत्ता उन्हीं के पास है.. ये उन लोगों के उदाहरण हैं जो सत्ता के नशे में चूर हो गए हैं।
इधर, पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में भी चुनावी माहौल गरमाया हुआ है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ममता बनर्जी की सरकार पर चौतरफा हमला बोला। साय ने आरोप लगाया कि 15 साल के शासन में बंगाल की जनता भ्रष्टाचार और असुरक्षा से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और रोजगार के मुद्दे पर दीदी को कटघरे में खड़ा किया, लेकिन ममता बनर्जी चुप बैठने वालों में से नहीं हैं। उन्होंने सीधे गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती दे डाली है। ममता का आरोप है कि केंद्र सरकार अफसरों के तबादले और वोट काटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने जिन 506 अफसरों को बदला, उनमें से 485 तो सिर्फ बंगाल के हैं। साफ है कि जैसे-जैसे मतदान की तारीखें करीब आ रही हैं, आरोप-प्रत्यारोप का दौर और भी तीखा होता जाएगा।