नीट-यूजी परीक्षा रद्द होना छात्रों के विश्वास पर बड़ा आघात: नवीन पटनायक

Ads

नीट-यूजी परीक्षा रद्द होना छात्रों के विश्वास पर बड़ा आघात: नवीन पटनायक

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 08:07 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 08:07 PM IST

भुवनेश्वर, 12 मई (भाषा) ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने मंगलवार को कहा कि नीट-यूजी रद्द किया जाना परीक्षा प्रणाली के प्रति विद्यार्थियों के विश्वास पर गंभीर आघात है।

प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने मंगलवार को तीन मई को आयोजित वर्ष 2026 की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) को रद्द कर दिया। साथ ही केंद्र सरकार ने कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को जिम्मेदारी सौंपी है।

बीजू जनता दल के अध्यक्ष पटनायक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जब परीक्षाओं की शुचिता से समझौता होता है, तो यह केवल एक चूक नहीं बल्कि उन लाखों अभ्यर्थियों के साथ विश्वासघात है जिन्होंने अनुशासन के साथ पढ़ाई की, सुख-सुविधाओं का त्याग किया और तैयारी के लिए रातों की नींद गंवाई।”

उन्होंने कहा, “यह पहली बार नहीं है जब नीट का प्रश्नपत्र लीक हुआ है। ऐसी घटनाएं विद्यार्थियों में अविश्वास और चिंता बढ़ाती हैं तथा निष्पक्षता की उम्मीद रखने वाले मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य को खतरे में डालती हैं।”

पटनायक ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता फिर से स्थापित करने का समय आ गया है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि विद्यार्थियों का भरोसा बहाल करने के लिए जवाबदेही जल्द तय की जानी चाहिए।

पांच बार ओडिशा के मुख्यमंत्री रह चुके पटनायक ने कहा, “एक राष्ट्र के रूप में हम अपने देश के युवाओं और भारत के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकते। व्यवस्था को प्रत्येक छात्र को यह भरोसा दिलाना चाहिए कि उनकी मेहनत और लगन को फिर कभी ऐसी लापरवाही से कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।”

भाषा

खारी संतोष

संतोष