नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा)केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने त्रिपुरा में कुल 7.75 करोड़ रुपये के दो चिट फंड घोटालों के मामलों में कथित तौर पर संलिप्त एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक आरोपी संजीत चक्रवर्ती 2013 से फरार था और उसे 12 मई को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया।
एजेंसी ने बताया कि कॉस्मिक नेगोसिएटर्स प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य प्रबंध निदेशक (सीएमडी) चक्रवर्ती के खिलाफ सार्वजनिक धन की कथित धोखाधड़ी और हेराफेरी से संबंधित दो अलग-अलग मामलों में आरोप पत्र दायर किया गया है।
सीबीआई के मुताबिक, लगभग 7.48 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के संबंध में पहला आरोपपत्र 2015 में दायर किया गया था, जबकि लगभग 27.13 लाख रुपये के कथित गबन से जुड़े एक अन्य मामले में दूसरा आरोपपत्र 2024 में दायर किया गया।
संघीय एजेंसी ने बताया, ‘‘दोनों ही मामलों में, आरोपपत्र में उसे फरार आरोपी के रूप में नामजद किया गया।’’
सीबीआई ने बताया कि ये मामले मूल रूप से 2013 में त्रिपुरा पुलिस द्वारा दर्ज किए गए थे और बाद में त्रिपुरा सरकार और केंद्र द्वारा दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 के तहत अधिसूचनाएं जारी कर मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी।
बयान के मुताबिक आरोपी 2013 से ही ‘‘फरार था और गिरफ्तारी से बच रहा था।’’
एजेंसी ने बताया कि लगातार प्रयासों, क्षेत्रीय सत्यापन/तकनीकी और भौतिक निगरानी आदि से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को कोलकाता की अदालत से ‘ट्रांजिट वारंट’ प्राप्त करने के बाद त्रिपुरा लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश