जेएसएससी-सीजीएल और 2014 से अबतक टीडीपीएल के माध्यम से हुईं परीक्षाएं होंगी रद्द : सोरेन

Ads

जेएसएससी-सीजीएल और 2014 से अबतक टीडीपीएल के माध्यम से हुईं परीक्षाएं होंगी रद्द : सोरेन

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 10:54 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 10:54 PM IST

रांची, 17 अगस्त (भाषा) झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अभ्यर्थियों द्वारा किये जा रहे प्रदर्शन के बीच,मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा और 2014 से आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की।

यह फैसला सोरेन की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की एक बैठक में लिया गया।

सोरेन ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कहा, ‘‘सरकार ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग-संयुक्त स्नातक स्तर (जेएसएससी-सीजीएल) परीक्षा रद्द करने का फैसला किया है, जो प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मुख्य मांगों में से एक थी। हमने आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल (टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड) द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं और उसके द्वारा जारी नतीजों को भी रद्द करने का फ़ैसला किया है।’’

उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक परीक्षा सुधार समिति के गठन की भी घोषणा की।

सरकारी नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने और जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे थे।

अभ्यर्थियों का आंदोलन सोमवार को 24वें दिन भी जारी था।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि जब तक हमारी सीबीआई जांच की मांग पूरी नहीं हो जाती, आंदोलन जारी रहेगा।

उधर 16 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र महतो ने कहा कि अनशन तोड़ने के लिए रांची में प्रदर्शन स्थल पर जल्द ही पहुंचेंगे।

भाषा

धीरज वैभव

वैभव