जम्मू, 29 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने जम्मू-कश्मीर के लोगों और देश से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सैन्य विजय दिवस के रूप में मनाने की बुधवार को अपील की।
इसे भारत की स्वदेशी ताकत और सफलता का प्रतीक बताते हुए कुमार ने कहा कि यह आयोजन जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए गर्व का क्षण होना चाहिए और इससे उनका मनोबल भी बढ़ेगा।
उन्होंने यहां एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों और पूरे देश से अपील करता हूं कि वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सैन्य विजय दिवस के रूप में और भारत की स्वदेशी शक्ति और सफलता के प्रतीक के रूप में मनाएं।’’
एक वर्ष पहले पहलगाम में हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने ‘‘पाकिस्तान प्रायोजित एक अत्यंत अमानवीय और जघन्य आतंकवादी कृत्य’’ का सामना किया था। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने मानवता और न्याय के हित में इसका जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि चार दिन के अभियान के दौरान, जिसमें कुछ समय भीषण कार्रवाई भी शामिल थी, पाकिस्तान के हवाई अड्डों को नष्ट कर दिया गया, आतंकियों को ढेर कर दिया गया, तुर्किये के ड्रोन मार गिराए गए और कई सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही, पाकिस्तान के आम नागरिकों को नुकसान न पहुंचे इसका पूरा ध्यान रखा गया।’’
कुमार ने इस ऑपरेशन को एक ‘‘बड़ी जीत’’ बताते हुए कहा कि इससे देश का मान बढ़ा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति और मजबूत हुई। कुमार ने पाकिस्तान की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह मानवतावादी मूल्यों से निर्देशित राष्ट्र के रूप में विकसित नहीं हो पाया है।
भाषा आशीष वैभव
वैभव