जनगणना-2027: असम के मुख्यमंत्री ने सभी से स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की
जनगणना-2027: असम के मुख्यमंत्री ने सभी से स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की
गुवाहाटी, दो अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने लोगों से रविवार से राज्य में शुरू हुई जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने स्वयं भी अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज की।
शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सुप्रभात असम। आज से असम में 2027 जनगणना के लिए ऑनलाइन स्व-गणना की शुरुआत हो गई है। अब आप अपने घर बैठे ही अपनी जानकारी भर सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपनी जानकारी भर दी है। सभी से अनुरोध है कि वे अपनी सही जानकारी दर्ज करें और इस प्रक्रिया का हिस्सा बनें।’’
शर्मा ने एक वीडियो संदेश भी साझा किया, जिसमें उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाएं।
अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा 16 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी। इसके तहत नागरिक समर्पित स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
इसके बाद 17 अगस्त से 15 सितंबर तक हर मकान का विवरण दर्ज करने और आवास जनगणना का कार्य किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित शिवसागर और चराइदेव जिलों में इस प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


