‘चायवालाज’ स्टार्टअप के संस्थापक ने की खुदकुशी: पुलिस

‘चायवालाज’ स्टार्टअप के संस्थापक ने की खुदकुशी: पुलिस

‘चायवालाज’ स्टार्टअप के संस्थापक ने की खुदकुशी: पुलिस
Modified Date: August 2, 2026 / 01:07 pm IST
Published Date: August 2, 2026 1:07 pm IST

जयपुर, दो अगस्त (भाषा) ‘चायवालाज’ स्टार्टअप के संस्थापक रोहित शर्मा ने राजस्थान के दौसा जिले में स्थित अपने घर में कथित तौर पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, रोहित शर्मा (30) शनिवार दोपहर साकेत कॉलोनी स्थित अपने घर के एक कमरे में फंदे से लटके मिले। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें नीचे उतारा और जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, रोहित के पिता हितेंद्र मोहन शर्मा मेडिकल स्टोर संचालक हैं, जबकि उनकी पत्नी एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। रोहित का सात वर्षीय एक बेटा है।

रोहित ने 17 वर्ष की उम्र में नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान अपने उद्यमी जीवन की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने जयपुर में ‘चायवालाज’ स्टार्टअप स्थापित किया।

उन्होंने जयपुर के मानसरोवर स्थित शिप्रा पथ पर अपना पहला ‘टी कैफे’ शुरू किया था। इसके बाद शहर में एक और ‘आउटलेट’ खोलते हुए कारोबार का विस्तार किया। बाद में उन्होंने विभिन्न शहरों में ‘चायवालाज’ के कुल सात आउटलेट स्थापित किए।

हालांकि, लगभग छह महीने पहले उन्होंने ‘चायवालाज’ के सभी आउटलेट बंद कर दिए थे। इसके बाद उनका रुझान अध्यात्म की ओर हो गया और उन्होंने धार्मिक स्थलों पर भम्रण शुरू कर दिया। वह दौसा में समाज सेवा की गतिविधियों से भी जुड़े हुए थे।

भाषा बाकोलिया खारी

खारी


लेखक के बारे में