प्रधानमंत्री मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ शुरू किया, युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ शुरू किया, युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया
नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के युवाओं का मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है तथा इसके लिए उन्हें हर प्रकार के नशे से दूर रहना होगा।
युवाओं में नशे की प्रवृत्ति को समाप्त करने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों, समाज और पूरे देश के लिए है।
प्रधानमंत्री ने बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति में इस अभियान की डिजिटल माध्यम से शुरुआत की। कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने स्वयं को ‘जेन-जी’ का प्रतिनिधि बताया। यह अभियान ऐसे समय शुरू किया गया है, जब हाल ही में सार्वजनिक परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर छात्रों के बड़े पैमाने पर प्रदर्शन दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में हुए थे।
मोदी ने युवाओं को आगाह करते हुए कहा, ‘‘नशीले पदार्थों का सेवन ध्यान भटकाता है और आपको अपने सपनों से दूर कर देता है।’’
उन्होंने कहा कि अगर कोई युवा नशे का आदी हो जाता है तो उसकी आकांक्षाएं प्रभावित होती हैं और उसका परिवार बिखर जाता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नशीले पदार्थों की आपूर्ति कर भारत को नुकसान पहुंचाना दुश्मन देशों की आतंकवादी साजिश का हिस्सा है।
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपने-अपने समुदायों में सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के दूत के रूप में आगे आने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अभियान के साथ ही 100 सप्ताह तक चलने वाले देशव्यापी ‘जन भागीदारी’ अभियान की शुरुआत भी हुई। इसके तहत देशभर में हर रविवार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
इन गतिविधियों में खेल प्रतियोगिताएं, ‘वॉकाथॉन’, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, विचार-विमर्श मंच, कला प्रतियोगिताएं तथा सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम शामिल होंगे।
कार्यक्रम में खेल और युवा मामलों के केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की शुरुआत 2020 में प्रधानमंत्री मोदी के ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प के अनुरूप की गई थी।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


