चंडीगढ़, पांच जुलाई (भाषा) हरियाणा ने जनगणना 2027 के तहत निवासियों की गणना के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त तथा जनगणना 2027 के लिए राज्य की नोडल अधिकारी सुमिता मिश्रा ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के चुनिंदा नमूना संग्रहण क्षेत्रों में निवासियों की गणना के पूर्व-परीक्षण की अधिसूचना जारी कर दी है।
मिश्रा ने एक बयान में बताया कि यह क्षेत्रीय प्रक्रिया छह जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक की जाएगी। यह जनगणना 2027 की देशव्यापी तैयारियों का हिस्सा है।
मिश्रा ने कहा कि यह पूर्व-परीक्षण जनगणना की प्रक्रिया को सुचारु, सटीक और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय गणना शुरू होने से पहले अधिसूचित नमूना संग्रहण क्षेत्रों के पात्र निवासियों को एक जुलाई से पांच जुलाई तक स्व-गणना का विकल्प दिया गया है। इसके तहत वे निर्धारित डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्वेच्छा से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
मिश्रा ने कहा कि क्षेत्रीय कवायद पूरा होने के बाद 19 और 20 जुलाई को पुनरीक्षण चरण के तहत, पूर्व-परीक्षण के दौरान एकत्र की गई जानकारी का सत्यापन, अद्यतन और प्रमाणीकरण किया जाएगा।
भाषा
राखी सुभाष
सुभाष