केंद्र ने ग्रामीण सड़कों के लिए 1,000 करोड़ रुपये आवंटित किए, एक लाख मकानों के निर्माण को मंजूरी: शुभेंदु

Ads

केंद्र ने ग्रामीण सड़कों के लिए 1,000 करोड़ रुपये आवंटित किए, एक लाख मकानों के निर्माण को मंजूरी: शुभेंदु

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 03:47 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 03:47 PM IST

कोलकाता, 14 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि केंद्र ने राज्य में 2,400 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए 1,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख मकानों के निर्माण को मंजूरी दी है।

यह घोषणा शुभेंदु अधिकारी की केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक के बाद की गई। चौहान ने कहा कि ग्रामीण कल्याण मंत्रालय ने ग्रामीण रोजगार योजना ‘वीबी-जी राम जी’ के तहत 31 मार्च, 2027 तक नौ महीने की अवधि के लिए पश्चिम बंगाल को 8,508 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार के अंशदान को मिलाकर इस योजना का कुल परिव्यय 12,064 करोड़ रुपये से अधिक होगा।’’

शुभेंदु अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘केंद्र ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के पहले चरण के तहत पश्चिम बंगाल को 2,400 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 1,000 करोड़ रुपये दिए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख मकानों की स्वीकृति के पत्र मुझे और पंचायत मंत्री दिलीप घोष को सौंपे।’’

चौहान ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पश्चिम बंगाल में 82,492 करोड़ रुपये की लागत वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शुरू की गई थीं, लेकिन राज्य की पिछली सरकार के सहयोग नहीं करने के कारण उन्हें पूरा नहीं किया जा सका।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने इन परियोजनाओं को पूरा करने के मार्ग में आने वाली सभी बाधाएं दूर कर दी हैं।’’

चौहान ने विश्वास जताया कि अब राज्य में बुनियादी ढांचे का विकास तेजी से होगा।

भाषा अमित आशीष

आशीष