नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पीतमपुरा स्थित एक गिरजाघर में चोरी करने के आरोप में दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से गिरजाघर से चोरी हुआ कैंडल स्टैंड समेत अन्य सामान और कंप्यूटर मॉनिटर बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीतमपुरा के जीपी ब्लॉक स्थित मुक्ति आराधनालय चर्च में आठ-नौ जुलाई की दरमियानी रात को चोरी हुई थी और आरोपी धार्मिक स्थल के मुख्य द्वार की लोहे की ग्रिल तोड़कर परिसर में अवैध रूप से घुसे थे तथा सामान चोरी कर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि इस बाबत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और इस दौरान एक टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई।
पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस आधार पर पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया।
उन्होंने बताया कि मामले में फरार लोगों को पकड़ने एवं चोरी गया शेष सामान बरामद करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप