जयपुर, 26 मार्च (भाषा) राजस्थान सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने राज्य के लिए वाणिज्यिक रसोई गैस (एलपीजी) का आवंटन 10 प्रतिशत बढ़ा दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार राज्य सरकार ने बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए केंद्र से अतिरिक्त एलपीजी आवंटन का आग्रह किया था।
एक अधिकारी ने बताया कि इस अनुरोध के बाद वाणिज्यिक गैस का आवंटन 10 प्रतिशत बढ़ा दिया गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘केंद्र सरकार ने राजस्थान के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त वाणिज्यिक एलपीजी आवंटन को मंजूरी दी है। यह वृद्धि राज्य के व्यवसायों की ऊर्जा आवश्यकताओं को सुदृढ़ करने के साथ नई गति प्रदान करेगी।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पेट्रोलियम एवं गैस क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों और समय पर दी गई मंजूरियों के परिणामस्वरूप केंद्र सरकार से यह अतिरिक्त आपूर्ति प्राप्त हुई है।
शर्मा ने कहा,‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में हमारी सरकार हर नागरिक तक आवश्यक सेवाओं की निर्बाध, पारदर्शी और समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु निरंतर कार्यरत है।’’
इस बीच, अधिकारियों ने बताया है कि राज्य में गैस, पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखी जा रही है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है कि जनता को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।’’
भाषा पृथ्वी
राजकुमार
राजकुमार