श्रीनगर, 26 मार्च (भाषा) स्वामी कालिकानंद सरस्वती ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका मठ कश्मीर में कुंभ मेले का आयोजन फिर से शुरू करेगा और इस साल जुलाई में बांदीपोरा जिले में 10 दिवसीय मेला आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, “हम इस साल 15 से 24 जुलाई तक बांदीपोरा जिले के शादीपोरा में कुंभ मेला आयोजित करेंगे। हमें उम्मीद है कि इस आयोजन में दो से तीन लाख श्रद्धालु भाग लेंगे।”
सरस्वती ने बताया कि 2016 में कश्मीर में एक दिन का कुंभ मेला आयोजित किया गया था, जिसमें लगभग 35,000 लोगों ने भाग लिया था।
उन्होंने कहा, “उस समय के हालात की वजह से हम लंबे समय तक आयोजन नहीं कर सके। लेकिन इस बार हम 10 दिन का मेला आयोजित करेंगे।”
सरस्वती ने कहा कि 1941 तक कश्मीर में कुंभ मेला एक वार्षिक आयोजन हुआ करता था, लेकिन बाद में यह विभिन्न कारणों से बंद हो गया।
उन्होंने यह भी बताया कि कुंभ मेले के दौरान एक सर्वधर्म सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी धर्मों के लोग भाग ले सकेंगे।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश