केंद्र ने उत्तराखंड के लिए गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर पांच लाख क्विंटल किया

Ads

केंद्र ने उत्तराखंड के लिए गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर पांच लाख क्विंटल किया

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 06:12 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 06:12 PM IST

देहरादून, 16 अप्रैल (भाषा) केंद्र सरकार ने चालू रबी विपरण सत्र में उत्तराखंड के लिए गेहूं की खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर पांच लाख क्विंटल कर दिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

राज्य के खाद्य नागरिक आपूर्ति सचिव आनंद स्वरूप ने बताया कि केंद्र ने उत्तराखंड के लिए रबी विपणन सत्र 2026-27 में 10 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे राज्य सरकार के अनुरोध पर अब बढ़ाकर पांच लाख क्विंटल कर दिया गया है।

स्वरूप ने बताया कि उत्तराखंड में रबी विपणन सत्र एक अप्रैल से शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि गढ़वाल संभाग में 45 और कुमाऊं संभाग में 123 क्रय केंद्र संचालित हैं।

स्वरूप के मुताबिक, केंद्र ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है और किसान अपनी उपज को राजकीय क्रय केंद्रों पर बेचने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक 1,597 किसानों ने स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर पंजीकरण कराया है और 5,852 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है।

स्वरूप ने उत्तराखंड के किसानों से अपनी उपज राजकीय क्रय केंद्रों पर बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठाने की अपील की।

भाषा

दीप्ति पारुल

पारुल