नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को जमानत मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उनकी गिरफ्तारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार को केवल लोगों को गिरफ्तार करने में दिलचस्पी है।
केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देश चलाने के बजाय ‘‘थानेदार’’ की तरह लोगों को गिरफ्तार करने में दिलचस्पी है।
केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी जी, इससे आपको क्या हासिल हुआ? चौबीस घंटे आप केवल लोगों को जेल भेजने के बारे में सोचते रहते हैं। देश चलाने में तो कोई दिलचस्पी नहीं है आपको। न ही आपको इसे चलाना आता है।’’
उन्होंने कहा, ‘कहां आप देश को प्रधानमंत्री बन गए। आपको तो किसी गांव का थानेदार होना चाहिए था। आपकी हरकतें वैसी ही हैं।’
दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में जैन को जमानत दे दी।
‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘पहली बात तो यह है कि कोई घोटाला हुआ ही नहीं है। यही बात उन्होंने ‘आबकारी घोटाले’ को लेकर भी कही थी, लेकिन जब मामला अदालत में गया, तो आरोप पत्र दाखिल करने लायक भी कुछ नहीं मिला। यह पंजाब में काम कर रहे एक नागरिक और पूर्व मंत्री को बेवजह परेशान करने के अलावा और कुछ नहीं है।’
सत्येंद्र जैन को 19 अगस्त को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। यह मामला ‘मेसर्स यूरोटेक एनवायर्नमेंटल प्राइवेट लिमिटेड’ को दी गई एक निविदा से जुड़ा है, जिसे जैन के दिल्ली के जल मंत्री रहने के दौरान दिया गया था।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का आरोप है कि निविदा की शर्तों से छेड़छाड़ की गई ताकि यह ‘मेसर्स यूरोटेक एनवायर्नमेंटल प्राइवेट लिमिटेड’ को मिल सके।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा