केंद्र ई30 पेट्रोल लाने की तैयारी में, ई20 पर जनता के गुस्से के शांत होने का इंतजार: केजरीवाल
केंद्र ई30 पेट्रोल लाने की तैयारी में, ई20 पर जनता के गुस्से के शांत होने का इंतजार: केजरीवाल
पणजी, 25 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दावा किया कि केंद्र सरकार ई30 पेट्रोल लाने की तैयारी कर रही है और इसके बाद ई40 संस्करण भी पेश किया जाएगा।
केजरीवाल ने कहा कि इसके लिए सरकार पहले ई20 पेट्रोल को लेकर जनता के गुस्से के शांत होने का इंतजार कर रही है।
उन्होंने कहा कि ई30 और उसके बाद एथनॉल-मिश्रित ईंधन के अगले संस्करण पेश किए जाने से वाहन मालिकों की परेशानी बढ़ेगी।
गोवा में ई20 ईंधन के मुद्दे पर आयोजित एक टाउन हॉल बैठक को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार ई30 के लिए परीक्षण कर रही है और एथनॉल सम्मिश्रण का स्तर बढ़ाने से पहले ई20 के विरोध के शांत होने का इंतजार कर रही है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘वे केवल जनता के मिजाज को देख रहे हैं। जैसे ही ई20 का विरोध थोड़ा कम होगा, वे ई30 और फिर ई40 पेश कर देंगे।’
उन्होंने दावा किया, ‘यदि आप अभी कोई वाहन खरीदते हैं, तो ई20 के अनुकूल वाहन बेचे जा रहे हैं। एक साल के भीतर वे ई30 लाएंगे, ई20 वाहनों में जबरन ई30 डालेंगे और फिर ई40 भी थोपेंगे।’
उन्होंने कहा कि वाहनों के बार-बार खराब होने से अपनी गाढ़ी कमाई खर्च कर गाड़ी खरीदने वाले मालिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी।
‘आप’ नेता ने एथनॉल सम्मिश्रण कार्यक्रम को चीनी की कीमतों से भी जोड़ा। उन्होंने दावा किया कि 25 लाख टन चीनी को एथनॉल उत्पादन की ओर मोड़ दिया गया जिससे बाजार में इसकी किल्लत हो गई और दाम बढ़ गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि बाजार में चीनी की कीमत 30 जुलाई को 45 रुपये प्रति किलोग्राम थी जो बढ़कर 75 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
केजरीवाल के अनुसार, भारत पिछले साल तक चीनी का निर्यात करता था लेकिन उसने अब कमी के कारण इसका आयात शुरू कर दिया है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश

Facebook


