कोट्टायम (केरल), आठ फरवरी (भाषा) केरल कांग्रेस (एम) अध्यक्ष जोस के मणि ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार रबड़ की खेती को पूर्वोत्तर राज्यों में स्थानांतरित करके केरल के रबड़ किसानों और रबड़ अर्थव्यवस्था को कमजोर करने का सुनियोजित प्रयास कर रही है।
मणि शनिवार को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के ‘विकासना मुन्नेता जत्था’ के सम्मान में आयोजित एक स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे, जिसका वह नेतृत्व कर रहे हैं।
केरल कांग्रेस (एम) राज्य में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले एलडीएफ में प्रमुख सहयोगी है।
भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मणि ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार रणनीतिक रूप से रबड़ की खेती को पूर्वोत्तर राज्यों में स्थानांतरित कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य दक्षिणी राज्य केरल से रबड़ की खेती को हटाकर उसे आर्थिक रूप से कमजोर करना है।
उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर राज्य में अघोषित आर्थिक नाकाबंदी लगाने का आरोप लगाया, जिसके तहत सरकार द्वारा वैध रूप से देय वित्तीय आवंटन को रोक दिया गया है।
मणि ने आरोप लगाया कि जब भी राज्य सरकार विकास परियोजनाओं की घोषणा करती है, तो कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों उनका विरोध करते हैं।
भाषा गोला सुरभि
सुरभि