चंडीगढ़: बेदखली कार्रवाई के दौरान वकील ने मकान मालिक की पत्नी पर चलाई गोली, गिरफ्तार
चंडीगढ़: बेदखली कार्रवाई के दौरान वकील ने मकान मालिक की पत्नी पर चलाई गोली, गिरफ्तार
चंडीगढ़, दो अगस्त (भाषा) चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित एक फ्लैट को खाली कराने के अदालती आदेश लेकर पहुंची मकान मालिक की पत्नी पर कथित रूप से गोली चलाने के आरोप में पुलिस ने 67 वर्षीय वकील को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, किराएदार जे. पी. एस. चड्ढा ने अपने लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई, जिसके छर्रे मकान मालिक राजिंदर सिंह की पत्नी मनविंदर कौर के चेहरे पर लग गए।
पुलिस ने बताया कि चड्ढा का उस फ्लैट को लेकर मकान मालिक के साथ लंबे समय से विवाद था। वह पिछले 36 वर्षों से उस फ्लैट में रह रहा था।
यह घटना शनिवार को उस समय हुई, जब मनविंदर कौर एक न्यायिक अधिकारी (बेलिफ) और पुलिस बल के साथ बेदखली के आदेश लेकर फ्लैट पर पहुंचीं।
पुलिस के अनुसार कई बार खटखटाने के बावजूद चड्ढा ने दरवाजा नहीं खोला। उसने बताया कि अदालत ने अधिकारियों को ताला तोड़कर संपत्ति का कब्जा मकान मालिक को सौंपने के लिए अधिकृत किया था।
पुलिस ने बताया कि जैसे ही ताला तोड़ा गया, चड्ढा हथियार लेकर बालकनी में आ गया और उसने गोली चला दी। गोली के छर्रे मनविंदर कौर के चेहरे पर जा लगे।
पुलिस के अनुसार, जब चड्ढा दोबारा हथियार में गोलियां भरने का प्रयास कर रहा था, तभी पुलिसकर्मियों ने उसे काबू कर हिरासत में ले लिया।
घायल मनविंदर कौर को तत्काल स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
उधर, चड्ढा के बेटे ने दावा किया कि फ्लैट का कब्जा दिलाने संबंधी कोई अदालती आदेश नहीं था। उसने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जबरन घर में घुसने का प्रयास किया।
परिवार का कहना है कि जिस फ्लैट में वे पिछले 36 वर्षों से रह रहे हैं, उसके संबंध में उनके पक्ष में स्थगन आदेश प्रभावी है और मामले की अगली सुनवाई तीन अगस्त को निर्धारित है।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि बेदखली की पूरी कार्रवाई अदालत के आदेश के अनुरूप ही की जा रही थी।
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


