चांदीपुरा वायरस से बच्चों को गंभीर खतरा, टीके और दवा के लिए वैश्विक प्रयास जरूरी: भाजपा सांसद
चांदीपुरा वायरस से बच्चों को गंभीर खतरा, टीके और दवा के लिए वैश्विक प्रयास जरूरी: भाजपा सांसद
नयी दिल्ली, दस अगस्त (भाषा) भाजपा नेता बाबू भाई जेसंगभाई देसाई ने बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन रहे चांदीपुरा वायरस के बढ़ते प्रकोप पर सोमवार को राज्यसभा में चिंता जताते हुए इससे निपटने के लिए व्यापक स्तर पर सतर्कता और वैश्विक अभियान चलाने की जरूरत रेखांकित की।
शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि इस वायरस से बचाव के लिए अभी तक कोई विशेष दवा उपलब्ध नहीं है, ऐसे में जागरूकता, निगरानी और समय पर उपचार बेहद जरूरी है।
उच्च सदन में देसाई ने कहा कि चांदीपुरा वायरस का संक्रमण विशेष रूप से बच्चों के लिए चिंताजनक है और इसके मामलों पर लगातार नजर रखने की आवश्यकता है। उन्होंने सरकारों, स्वास्थ्य संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से मिलकर इस बीमारी के प्रभाव को कम करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस वायरस के खिलाफ प्रभावी टीका विकसित करने की दिशा में तेजी से काम किया जाना चाहिए। ‘‘इसके लिए दवा और टीका बनाने वाली कंपनियों को प्रोत्साहित करने तथा अनुसंधान को बढ़ावा देने की जरूरत है, ताकि भविष्य में बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित किया जा सके।’’
भाजपा नेता ने कहा कि चांदीपुरा वायरस को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि संक्रमण के शुरुआती लक्षणों की पहचान, बचाव के उपायों और समय पर चिकित्सा सहायता लेने के संबंध में लोगों को जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए केवल स्थानीय स्तर के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसके लिए वैश्विक स्तर पर अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों को मिलकर इस वायरस के उपचार और रोकथाम के लिए शोध को आगे बढ़ाना चाहिए।
भाषा मनीषा माधव
माधव

Facebook


