नेमोम में विकास के मुद्दे पर बहस के लिए समय और स्थान तय करें चंद्रशेखर : शिवनकुट्टी

Ads

नेमोम में विकास के मुद्दे पर बहस के लिए समय और स्थान तय करें चंद्रशेखर : शिवनकुट्टी

  •  
  • Publish Date - March 28, 2026 / 04:07 PM IST,
    Updated On - March 28, 2026 / 04:07 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 28 मार्च (भाषा) केरल के मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने शनिवार को कहा कि उनके प्रतिद्वंद्वी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर नेमोम निर्वाचन क्षेत्र में विकास के मुद्दे पर खुली बहस के लिए समय और स्थान तय कर सकते हैं।

शिवनकुट्टी नौ अप्रैल को होने वाले चुनावों में नेमोम से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के उम्मीदवार हैं।

चंद्रशेखर ने इससे पहले शिवनकुट्टी को सार्वजनिक बहस के लिए चुनौती दी थी, जिसे मंत्री ने स्वीकार कर लिया और 29 मार्च को पूजपुरा में बहस करने का प्रस्ताव रखा।

हालांकि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उसी दिन त्रिशूर और पलक्कड़ में चुनाव प्रचार करने का कार्यक्रम होने के कारण, चंद्रशेखर ने इस प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

शिवनकुट्टी ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें समझ में आता है कि चंद्रशेखर प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों में व्यस्त हो सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वह बहस के लिए कोई भी तारीख और जगह तय कर सकते हैं, और मैं तैयार हूं। बस एक ही शर्त है कि यह शाम को हो, क्योंकि हम दिनभर चुनावी रैलियों में व्यस्त रहते हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर नेमोम और केरल में हो रहे घटनाक्रम को समझने में विफल रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ता खुद दुविधा में हैं, क्योंकि वे यह दावा नहीं कर सकते कि यहां कोई विकास नहीं हुआ है। चंद्रशेखर को हुई प्रगति को स्वीकार करना चाहिए।’’

मंत्री ने कहा कि इस निर्वाचन क्षेत्र में मुख्य मुकाबला मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाजपा के बीच है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नेमोम ने एक मौके को छोड़कर चुनावों में ज्यादातर एलडीएफ का समर्थन किया है।

नेमोम में कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है, जहां शिवनकुट्टी का मुकाबला चंद्रशेखर से होगा और कांग्रेस की ओर से के एस सबरीनाथन चुनाव मैदान में हैं।

केरल विधानसभा की 140 सीट के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप