कोलकाता, 28 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज और जंगीपुर इलाकों में शनिवार को निषेधाज्ञा लागू रही। यह कदम एक दिन पहले रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसक झड़पों के बाद उठाया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हिंसा के सिलसिले में अब तक 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, और स्थिति ‘‘सामान्य एवं नियंत्रण में’’ है।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान पुलिस द्वारा उजागर नहीं की गई है।
अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवान इलाके में गश्त कर रहे हैं, तथा त्वरित प्रतिक्रिया बल (आरएएफ) ने लोगों में विश्वास बहाल करने के लिए ‘रूट मार्च’ निकाला।
बाजार क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर भी कम लोग नजर आए। हालांकि, जरूरी सेवाओं से जुड़ी दुकानें खुली रहीं और वाहनों की आवाजाही भी सामान्य रही।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इस क्षेत्र में उपमंडल अस्पताल स्थित है, और हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। हमारे अधिकारी और अर्धसैनिक बल, पर्याप्त संख्या में वहाँ मौजूद हैं।’’
जंगीपुर और रघुनाथगंज एक नदी के दोनों किनारों पर स्थित हैं, तथा उपमंडल जंगीपुर अस्पताल रघुनाथगंज शहर में है।
रघुनाथगंज में मैकेंजी पार्क के पास रामनवमी शोभायात्रा के दौरान तेज आवाज में संगीत बजाए जाने को लेकर हुए विवाद के बाद हिंसा भड़क उठी।
खबरों के मुताबिक, कुछ लोगों ने एक धर्मस्थल के पास संगीत बजाए जाने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों शहरों के अलग-अलग इलाकों में झड़पें हो गईं।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और पूरे जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव