पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने पेजेश्कियन से बात की, ईरान पर इजराइल के हमलों की निंदा की

Ads

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने पेजेश्कियन से बात की, ईरान पर इजराइल के हमलों की निंदा की

  •  
  • Publish Date - March 28, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - March 28, 2026 / 05:47 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 28 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से फोन पर बातचीत की और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के संबंध में चर्चा की। उन्होंने तेहरान पर इजराइल के लगातार हमलों की निंदा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘एक घंटे से अधिक समय तक विस्तृत बातचीत के दौरान, दोनों नेताओं ने क्षेत्र में जारी संघर्ष और शांति प्रयासों के संबंध में व्यापक चर्चा की।’’

शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति को अपने, उप प्रधानमंत्री इशहाक डार और फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर द्वारा किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों के बारे में जानकारी दी।

बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान शांति वार्ता के लिए अनुकूल माहौल बनाने को लेकर अमेरिका, खाड़ी देशों और इस्लामी देशों से बातचीत कर रहा है।

प्रधानमंत्री शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति को पाकिस्तान की शांति पहल के प्रति मजबूत समर्थन के बारे में जानकारी दी और आशा जताई कि संघर्ष को समाप्त करने का सामूहिक रूप से एक व्यवहार्य मार्ग खोजा जा सकता है।

शरीफ ने नागरिक ढांचों पर हालिया हमलों समेत ईरान पर इजराइल के जारी हमलों को लेकर पाकिस्तान की कड़ी निंदा दोहराई।

उन्होंने ‘‘कठिन वक्त में ईरान के बहादुर लोगों के प्रति पाकिस्तान की एकजुटता और समर्थन’’ को फिर से दोहराया, साथ ही 1,900 से अधिक लोगों की मौत पर संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

ईरान के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री शरीफ के कूटनीतिक प्रयासों की सराहना करते हुए इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ जारी हमलों पर अपना दृष्टिकोण साझा किया।

पेजेश्कियन ने वार्ता और मध्यस्थता को सुगम बनाने के लिए विश्वास कायम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

भाषा आशीष शफीक

शफीक