अंबिकापुर, 29 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक बच्ची घायल हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से सागर (पांच), रानी (नौ) और रामसाय (36) की मौत हो गई जबकि इस घटना में सागर की बड़ी बहन श्रद्धा (12) घायल हो गई।
उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब चार बजे डुमकी गांव में बच्चे पेड़ से गिरे आम एकत्र कर रहे थे कि तभी तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई और बच्चे पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
अधिकारी ने बताया कि उसी समय चरवाहा रामसाय भी वहां आकर खड़ा हो गया।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान पेड़ के समीप आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दो बच्चों और चरवाहे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और मृतकों के शव तथा घायल बालिका को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस बीच, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान सरगुजा जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और मानसूनी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की।
भाषा सं संजीव जितेंद्र
जितेंद्र