छत्तीसगढ़ : पंख वाली चींटियां घुसने से दुर्ग अस्पताल के दो ओटी बंद

Ads

छत्तीसगढ़ : पंख वाली चींटियां घुसने से दुर्ग अस्पताल के दो ओटी बंद

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 02:47 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 02:47 PM IST

दुर्ग, 30 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के एक सरकारी अस्पताल के दो ऑपरेशन थिएटर में (ओटी) भारी बारिश के बाद बड़ी संख्या में पंख वाली चींटियों के घुस जाने के कारण उन्हें पिछले 10 दिनों से बंद रखा गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने बताया कि जिला अस्पताल की मातृ-शिशु इकाई के दोनों ऑपरेशन थिएटर में बड़ी संख्या में पंख वाली चींटियां पाए जाने के बाद एहतियात के तौर पर उन्हें बंद कर दिया गया।

उन्होंने बताया, ‘लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पंख वाली चींटियां ऑपरेशन थिएटरों में घुस गईं। मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कीटाणु रहित वातावरण बनाए रखने के लिए दोनों ओटी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।’

डॉ. मिंज ने बताया कि ओटी बंद होने से किसी भी सर्जरी पर असर नहीं पड़ा है।

उन्होंने कहा, ‘इन ओटी के बंद होने के कारण किसी भी मरीज को दूसरे अस्पताल में रेफर नहीं किया गया है क्योंकि सभी ऑपरेशन आपातकालीन ओटी में किए जा रहे हैं।’

उन्होंने बताया कि इन दोनों ओटी में मरम्मत और कीट नियंत्रण का काम जारी है तथा अगले दो. तीन दिनों में इसके फिर से शुरू होने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया है, नदियां और नाले उफान पर हैं तथा सड़क संपर्क बाधित होने के साथ राज्य के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश