छत्तीसगढ़: घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या

छत्तीसगढ़: घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या

छत्तीसगढ़: घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या
Modified Date: June 26, 2026 / 07:32 pm IST
Published Date: June 26, 2026 7:32 pm IST

सक्ती, 26 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के एक गांव में दो नकाबपोश हमलावरों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, सक्ती थाना क्षेत्र के जोंगरा गांव में शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे दो नकाबपोश हमलावरों ने पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और उनके चेहरे सफेद गमछे से ढके हुए थे।

पुलिस के मुताबिक, उनमें से एक बदमाश हथियार लेकर घर के भीतर गया जबकि दूसरा बाहर मोटरसाइकिल के पास खड़ा रहा।

पुलिस ने बताया कि घर में घुसने के बाद हथियारबंद हमलावर ने परिवार के सदस्यों से पूर्णिमा चौहान के बारे में पूछा और जैसे ही वह बाहर आई, आरोपी ने उस पर गोली चला दी।

पुलिस के अनुसार, हमलावर ने करीब तीन गोलियां चलाईं और एक गोली पूर्णिमा के सिर में लगी, जबकि अन्य गोलियां उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों में लगीं।

अधिकारियों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य अपने कमरों से बाहर आए और उन्होंने पूर्णिमा को खून से लथपथ पाया।

उन्होंने बताया कि परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा चौहान पिछले चार वर्षों से एक निजी कंपनी में कार्यरत थी।

पुलिस ने बताया कि पूर्णिमा की शादी रायगढ़ जिले में हुई थी लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो-तीन वर्षों से अपने परिजनों के साथ रह रही थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।

सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

भाषा सं संजीव जितेंद्र

जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में