नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीबीएसई की 12वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को बुधवार को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके सपनों, मेहनत और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं करने वाले विद्यार्थियों से मायूस न होने की गुजारिश करते हुए कहा कि जीवन में हर अनुभव आगे बढ़ने और खुद को बेहतर बनाने का अवसर देता है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित किए गए। इस साल 85 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी के सरकारी स्कूलों ने इस वर्ष सीबीएसई की 12वीं कक्षा की परीक्षा में 94.44 फीसदी का उत्तीर्ण प्रतिशत हासिल किया है, जो निजी स्कूलों से बेहतर है। निजी स्कूलों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.77 फीसदी रहा।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में विद्यार्थियों को देश के उज्ज्वल भविष्य और विकसित भारत की नई शक्ति बताया।
गुप्ता कहा, “सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं। दिल्ली सहित पूरे देश के विद्यार्थियों ने अपने परिश्रम, अनुशासन और संकल्प के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता आपके सपनों, मेहनत और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।”
उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों का परिणाम उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं आया है, वे निराश न हों।
गुप्ता ने कहा कि जीवन में हर अनुभव आगे बढ़ने, सीखने और स्वयं को और बेहतर बनाने का अवसर देता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा, “आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहिए, सफलता आपका इंतजार कर रही है।”
भाषा नोमान
नोमान पवनेश
पवनेश