मुख्य सचिव का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करना प्रोटोकॉल के विपरीत: डोटासरा

Ads

मुख्य सचिव का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करना प्रोटोकॉल के विपरीत: डोटासरा

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 10:36 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 10:36 PM IST

जयपुर, 28 अप्रैल (भाषा) राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंगलवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की आलोचना की, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जयपुर दौरे के दौरान गुलदस्ता देकर स्वागत किया।

डोटासरा ने नौकरशाही की निष्पक्षता और प्रोटोकॉल पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर श्रीनिवास द्वारा नवीन को गुलदस्ता भेंट करने की तस्वीर साझा होते ही यह व्यापक रूप से प्रसारित हुई और प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

डोटासरा ने कहा कि जब राज्य का शीर्ष नौकरशाह किसी राज्यसभा सांसद या सत्तारूढ़ पार्टी के अध्यक्ष का इस तरह स्वागत करता है, तो यह न केवल प्रोटोकॉल बल्कि संविधान और नौकरशाही की स्वतंत्रता पर भी सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने कहा, “किसी वरिष्ठ अधिकारी का ऐसा आचरण प्रशासनिक श्रृंखला में गलत संदेश भेज सकता है और पद की गरिमा को प्रभावित कर सकता है।”

डोटासरा ने कहा कि अत्यधिक उत्सुकता या निकटता संवैधानिक मूल्यों को प्रभावित नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आचरण पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा, “किसी अधिकारी की निष्ठा संविधान के प्रति होनी चाहिए, न कि सत्तारूढ़ पार्टी के प्रति। यह सवाल उठता है कि क्या यह केवल प्रोटोकॉल था या राजनीतिक निष्ठा का प्रदर्शन।”

भाषा बाकोलिया

संतोष

संतोष