छोटी उम्र में बड़ा मुकाम हासिल करने वाले बच्चे राष्ट्रपति से सम्मानित

Ads

छोटी उम्र में बड़ा मुकाम हासिल करने वाले बच्चे राष्ट्रपति से सम्मानित

  •  
  • Publish Date - November 14, 2017 / 11:55 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:53 PM IST

दिल्ली। कहते हैं पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं। कुछ बच्चे बचपन से ही असाधारण प्रतिभा के धनी होते हैं, जरूरी नहीं कि सब के सब सिर्फ पढ़ने में ही बल्कि ये अलग-अलग क्षेत्रों में कुछ ऐसी उपलब्धियां हासिल करके दिखाते हैं, जो उन्हें बना देता है आम से खास। ऐसे ही विशिष्ट उपलब्धियों वाले बच्चों को दिया जाता है राष्ट्रीय बाल पुरस्कार। आज बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ऐसी ही असाधारण उपलब्धियों को हासिल करने वाले बच्चों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया।

बाल दिवस पर रमन सिंह कार्यक्रमों में तो वीणा सिंह नवजात पोती के साथ व्यस्त

आप जो तस्वीरें देख रहे हैं, उनमें पुरस्कृत किए जा रहे बच्चों को बच्चा समझने की भूल मत कर बैठिएगा, क्योंकि इनकी उपलब्धियां बड़े-बड़ों को हैरान करने वाली हैं। ऐसे ही एक छात्र हैं उत्तर प्रदेश के नोएडा के विश्व भारती पब्लिक स्कूल में दसवीं के कृष्णा पंडित। इस छात्र को कंप्यूटर तकनीक में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2017 के रजत पदक से सम्मानित किया गया है। कृष्णा ने आठवीं कक्षा में पढ़ते हुए मोबाइल ऐप बनाना सीखा और एक साल बाद ही खुद का ऐप तैयार कर लिया। एक साल के अंदर उसने चार मोबाइल ऐप बनाए, जिनमें दो साइबर सिक्युरिटी से संबद्ध हैं। 

बाल दिवस विशेष : वे फिल्में जो आपका बचपन लौटा देंगी

इसी तरह राजस्थान के उदयपुर की 7 साल की लब्धि  सुराणा को बाल दिवस पर राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किया गया। तस्वीर में दिख रही सबसे छोटी बच्ची लब्धि ही है, जो इस छोटी सी उम्र में ही स्पीड स्केटिंग में 4 इंटरनेशनल गोल्ड सहित 62 मेडल जीत चुकी है. सोच कर देखें कि सात साल की उम्र में जहां ज्यादातर बच्चे खेलने-कूदने में ही लगे रहते हैं, ये बच्ची दुनियाभर में नाम कमा रही है। 

इसके अलावा फिल्म दंगल में सविता का रोल करने वाली बाल कलाकार जायरा वसीम को भी राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2017 से सम्मानित किया गया। वहीं बिहार के आनंद कुमार को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त हुआ।

ऐसे ही होनहार, प्रतिभावान बच्चों को आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया है।

वेब डेस्क, IBC24