न्यूयॉर्क, दो जुलाई (एपी) अमेरिकी पॉप गायिका टेलर स्विफ्ट और फुटबॉल खिलाड़ी ट्रैविस केल्सी जल्द ही विवाह करेंगे और शुक्रवार रात न्यूयॉर्क के ‘मैडिसन स्क्वायर गार्डन’ में शादी का जश्न मनाया जाएगा। एक कानून प्रवर्तन अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने अपना नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को आयोजन से जुड़ी सुरक्षा की जानकारी देते हुए बताया कि विवाह समारोह की शुरुआत बृहस्पतिवार रात विवाह-पूर्व भोज से होगी।
पिछले कुछ सप्ताह से ऐसी अपुष्ट खबरें आ रही थीं कि स्विफ्ट और केल्सी का विवाह इस सप्ताहांत न्यूयॉर्क के किसी ऐतिहासिक स्थल पर होगा।
इस सप्ताह ‘मैडिसन स्क्वायर गार्डन’ के बाहर कर्मचारी ट्रकों से सामान उतारते देखे गए थे। एक प्रवेश द्वार के बाहर कुछ देर के लिए एक बड़ा कालीन बिछाया गया जिसे तुरंत हटा लिया गया।
स्विफ्ट एवं केल्सी ने अपने विवाह की तारीख को लेकर अभी तक सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है।
एपी
सिम्मी खारी
खारी