कुरुक्षेत्र में गैंगस्टर की निशानदेही पर चीन निर्मित हथगोला बरामद

Ads

कुरुक्षेत्र में गैंगस्टर की निशानदेही पर चीन निर्मित हथगोला बरामद

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 10:10 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 10:10 PM IST

कुरुक्षेत्र, 13 मई (भाषा) पुलिस द्वारा हाल ही में गिरफ्तार एक गैंगस्टर की निशानदेही पर बुधवार को शाहबाद-लाडवा रोड पर स्थित शुगर मिल के पास खड़ी कार से एक हथगोला बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि विशेष कार्य बल (एसटीएफ)की अंबाला इकाई और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंचीं और हथगोला बरामद किया।

पुलिस के अनुसार तंगोर गांव निवासी सूर्य प्रताप से पूछताछ के दौरान हथगोला की जानकारी मिली। वह कथित तौर पर गैंगस्टर नेटवर्क का हिस्सा था।

एसटीएफ ने उसे दो दिन पहले गिरफ्तार किया था और उसके पास से एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए थे।

पुलिस हिरासत के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने शाहबाद-लाडवा रोड पर ?खड़ी कार में हथगोला छिपाकर रखा है।

पुलिस के मुताबिक मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ अधिकारी उसे घटनास्थल पर ले गए, जहां वाहन के डैशबोर्ड से ग्रेनेड बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को तुरंत खाली करा दिया और घटनास्थल के पास आवागमन प्रतिबंधित कर दिया।

सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी, जबकि बम निरोधक दस्ते ने विस्फोटक उपकरण को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में ले लिया।

एसटीएफ अंबाला इकाई के उप-निरीक्षक दलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हथगोला धमाका करना चाहता था ताकि लक्षित व्यक्ति को भयभीत कर जबरन वसूली की जा सके। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक बरामद हथगोला चीन निर्मित है। उसने बताया कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा

शुभम धीरज

धीरज