इंफाल, 30 जून (भाषा) मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार को कुकी-जो समुदाय के 500 से अधिक लोगों ने प्रदर्शन मार्च के दौरान सुरक्षा बलों के साथ झड़प की। प्रदर्शनकारी नाकेबंदी हटाने और जरूरी सामानों की आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने यह जानकारी दी।
प्रदर्शनकारी इंफाल पश्चिम जिले के कांगलाटोंगबी की ओर बढ़ना चाहते थे, जहां कथित तौर पर नगा समूहों द्वारा नाकेबंदी की गई थी। हालांकि, उन्हें कांगपोकपी के गमगिफाई इलाके में रोक दिया गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “प्रदर्शनकारियों को रोके जाने के बाद झड़प शुरू हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।”
उन्होंने कहा कि कुकी-जो प्रदर्शनकारियों को इसलिए रोका गया, क्योंकि कांगलाटोंगबी और आसपास के इलाकों में नगा समुदाय के लोग भी इकट्ठा हो गए थे। इससे दोनों समूहों के आमने-सामने आने और टकराव की आशंका बढ़ गई थी।
यह प्रदर्शन मार्च कांगपोकपी जिला कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगाए गए कथित अवैध चेकपोस्ट हटाने के लिए दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने के एक दिन बाद निकाला गया।
सीओटीयू ने आरोप लगाया कि तय समय सीमा के भीतर प्रशासन राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर चिकित्सा सामग्री सहित जरूरी वस्तुओं की निर्बाध आवाजाही बहाल कराने में विफल रहा।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश