बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले हावड़ा और हारोआ में पार्टी समर्थकों के बीच झड़प

बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले हावड़ा और हारोआ में पार्टी समर्थकों के बीच झड़प

बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले हावड़ा और हारोआ में पार्टी समर्थकों के बीच झड़प
Modified Date: April 26, 2026 / 06:18 pm IST
Published Date: April 26, 2026 6:18 pm IST

कोलकाता, 26 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के हावड़ा और हारोआ क्षेत्रों में 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान से पहले हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आईं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

हावड़ा शहर में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी समर्थकों के बीच उत्तर हावड़ा से भाजपा उम्मीदवार उमेश राय के रोड शो के दौरान नारे लगाने को लेकर झड़पें हुईं।

जी. टी. रोड पर स्थित तृणमूल के चुनाव कार्यालय के नजदीक से होकर जब रोड शो गुजरा तो तृणमूल समर्थकों ने अपना चुनावी नारा ‘जय बांग्ला’ लगाया, जिसका भाजपा समर्थकों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाकर जवाब दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके कारण दोनों गुटों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके चलते झड़प हुई और केंद्रीय बलों को भाजपा व तृणमूल समर्थकों पर लाठीचार्ज करना पड़ा।

भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन रोड शो का नेतृत्व कर रहे थे। हालांकि, झड़प के दौरान उनकी गाड़ी घटनास्थल से आगे निकल चुकी थी।

एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात को उत्तर 24 परगना जिले के हारोआ में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के रोड शो के दौरान तृणमूल और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) समर्थकों को शांत करने की कोशिश में एक पुलिस उप-निरीक्षक घायल हो गया।

आईएसएफ समर्थक पार्टी नेता नौशाद सिद्दीकी के रोड शो से लौट रहे थे तभी कुछ तृणमूल समर्थकों ने कथित तौर पर उन्हें ताना मारा, जिसके कारण झड़प हुई।

आईएसएफ और तृणमूल दोनों ने आरोप लगाया कि झड़प में उनके कई समर्थक घायल हुए हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा और मतों की गिनती चार मई को होगी।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन


लेखक के बारे में