(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) दिल्ली नगर निगम ने रविवार को तोड़ फोड़ अभियान चलाया और उत्तम नगर में होली पर हुई झड़प के मामले में एक आरोपी के घर के अवैध हिस्सों को गिरा दिया। इस झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
सूत्रों ने बताया कि नगर निगम के अधिकारी बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घर के ‘‘केवल अवैध रूप से निर्मित हिस्सों’’ को गिराया, न कि पूरे घर को।
एमसीडी अधिकारियों ने बताया कि नालों पर बने अतिक्रमण को हटाने के अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
एमसीडी के पश्चिमी जोन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘मानसून आने वाला है, इसलिए हम इलाके में नालों पर बने अवैध निर्माणों को हटा रहे हैं क्योंकि इनसे पानी का बहाव बाधित होता है। यह ढांचा नाले पर बना था।’’
इलाके को घेर लिया गया और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। बुलडोजर से इमारत के कुछ हिस्सों को गिराया गया। अधिकारियों की निगरानी में इमारत को गिराए जाने के दौरान मलबा और धूल सड़क पर फैल गई। तोड़फोड़ कार्य के दौरान आसपास के लोग एकत्र हो गए।
इस कार्रवाई से एक दिन पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हत्या की निंदा करते हुए दिल्ली में ऐसे जघन्य आपराधिक और हिंसक कृत्यों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाने की बात कही थी।
जेजे कॉलोनी इलाके में चार मार्च को तरुण (26) के परिवार और पड़ोसियों के बीच हुई झड़प में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, हिंसा तब भड़की जब तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी उसके पड़ोसी के परिवार की एक महिला पर गिर गया।
पुलिस ने बताया था कि दोनों परिवार पिछले पांच दशकों से एक-दूसरे को जानते थे और पार्किंग और कूड़ा जैसी चीजों को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। प्राथमिकी में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं और हत्या का आरोप जोड़ा गया है।
आरोपियों की पहचान उमरदीन (49), जुम्मदीन (36), कमरुद्दीन (36), मुस्तैक (46), मुजफ्फर (25), ताहिर (18) के रूप में हुई है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
पीड़ित के रिश्तेदार मान सिंह ने न्याय की मांग करते हुए कहा था, ‘‘हम चाहते हैं कि योगी (उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री) के बुलडोजर मॉडल का इस्तेमाल किया जाए। उनके अवैध मकानों को ध्वस्त किया जाए और सभी अवैध निर्माणों को हटाया जाए।’’
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश
अविनाश