Rajasthan Venkatesh Temple chori / Image Source : IBC24
जोधपुर : Rajasthan Venkatesh Temple chori राजस्थान के नागौर जिले के मारवाड़ मूंडवा स्थित वेंकटेश मंदिर में हुई 20 किलो चांदी की बड़ी चोरी के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले मध्यप्रदेश के कटनी निवासी दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक मंदिर का पूर्व पुजारी है। दोनों यह चोरी लग्जरी लाइफस्टाइल जीने और गाड़ी खरीदने के लिए की थी।
मिली जानकारी के अनुसार वारदात 16 फरवरी 2026 की रात को हुई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्षकुमार द्विवेदी और राहुल रजक के रूप में हुई है। katni Crime News हर्षकुमार द्विवेदी दिसंबर 2025 में कुछ समय के लिए मंदिर का पुजारी था, जिसे बाद में हटा दिया गया था। पद से हटाए जाने के कारण वह नाराज था और उसने अपने पड़ोसी राहुल रजक के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। दोनों का मुख्य उद्देश्य लग्जरी लाइफस्टाइल जीना और गाड़ी खरीदना था।
आरोपियों ने 16 फरवरी को ट्रेन से मारवाड़ मूंडवा पहुँचकर मात्र 70 मिनट में 20 किलो चांदी चोरी कर ली। वे एक पिकअप वाहन के जरिए कुचेरा पहुंचे और फिर बस से अजमेर चले गए। पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए सात राज्यों में करीब 9 हजार किलोमीटर तक पीछा किया, 1500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 50 बस स्टैंड, 13 रेलवे स्टेशनों व 3 एयरपोर्ट पर जांच की। पुलिस ने मंदिर के पूर्व पुजारियों की मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स की जांच की, जिससे हर्ष द्विवेदी की लोकेशन संदिग्ध पाई गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम कटनी पहुंची, जहाँ उन्होंने सर्वेयर बनकर राहुल रजक को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी हर्ष द्विवेदी वारदात के बाद अपना मोबाइल जीजा को और सिम बहन को देकर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसके रिश्तेदारों के मोबाइल नंबर ट्रेस करते हुए आखिरकार उसे भी दबोच लिया। हर्ष पर पहले से ही कटनी थाने में मारपीट का मामला दर्ज था। पुलिस की कड़ी मशक्कत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह सनसनीखेज मामला सुलझा लिया गया है।