CM Dhami News. Image Source- IBC24 Archive
देहरादून: CM Dhami News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में हिस्सा लिया और राज्य के विकास का खाका पेश किया। बैठक के दौरान धामी ने हिमालयी राज्यों के लिए विशेष नीतिगत समर्थन और दीर्घकालिक वित्तीय सहायता की आवश्यकता पर बल दिया।
CM Dhami News: बैठक में धामी ने इस बात पर जोर दिया कि ‘विकसित उत्तराखंड’ का दृष्टिकोण ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय लक्ष्य से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार मानव संसाधन विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और युवा सशक्तिकरण पर ध्यान केंद्रित कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरुआती चरण से लेकर उच्च शिक्षा के स्तर तक शैक्षिक सुधार लागू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हजारों आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। धामी ने कहा कि उच्च शिक्षा के तहत राज्य युवाओं को नौकरी खोजने वाले के बजाय नौकरी देने वाला बनाने के लिए अनुसंधान, नवाचार और उद्यमशीलता को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में, उत्तराखंड ने कृषि, उद्योग, पर्यटन, ऊर्जा और सेवा क्षेत्र को मिलाकर एक एकीकृत विकास मॉडल बनाने के लिए 30 से अधिक नयी नीतियां तैयार की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नीतियों का असर राज्य की अर्थव्यवस्था, निवेश, रोजगार और प्रति व्यक्ति आय में हुई बढ़ोतरी में साफ दिखाई देता है। बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।