नयी दिल्ली,22 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जंतर मंतर के पास बुधवार शाम प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव की घटना में कम से कम दो सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और चार कर्मी घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि कई ‘असामाजिक’ तत्व धरना स्थल में प्रवेश कर गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘वे आयोजकों (कॉजपा) की बात भी नहीं सुन रहे हैं और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव कर रहे हैं।’
पुलिस सूत्र ने बताया कि घायल कर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। सभी पुलिस कर्मियों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि पहली घटना में, शाम लगभग साढ़े चार बजे प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और एक पत्थर एसीपी जय प्रकाश के माथे पर लगा जिससे वह घायल हो गए। उनकी मौजूदा तैनाती पंजाबी बाग उपमंडल में है।
सूत्रों ने कहा कि बाद में पथराव की एक और घटना हुई जिसमें एक अन्य एसीपी और कम से कम चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस ने बार-बार शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था न बिगाड़ने को उद्घोषणा की।
भाषा नोमान राखी रंजन
रंजन