नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) देश के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय के कोलेजियम ने कलकत्ता, गुजरात, इलाहाबाद, छत्तीसगढ़ और मणिपुर के उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की बृहस्पतिवार को सिफारिश की है।
प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति चन्द्रचूड, न्यायमूर्ति संजय के. कौल और न्यायमूर्ति के. एम. जोसेफ की तीन सदस्यीय कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति टी. एस. शिवगणनम को कलकत्ता उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है। वह कलकत्ता उच्च न्यायालय में न्यायाधीश हैं।
कोलेजियम ने बृहस्पतिवार को बैठक में न्यायमूर्ति सोनिया जी. गोकानी को गुजरात उच्च न्यायालय का जबकि न्यायमूर्ति प्रितिंकर दिवाकर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है।
कोलेजियम ने न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय और न्यायमूर्ति धीरज सिंह ठाकुर को मणिपुर उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है।
भाषा अर्पणा रंजन
रंजन