नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (नीट-पीजी) के दौरान राजस्थान के जयपुर में दो परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक बिजली आपूर्ति में समस्या से हुए व्यवधान की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। एनबीईएमएस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
जयपुर के सीतापुरा में आयन डिजिटल जोन के दो केंद्रों पर नीट-यूजी परीक्षा बिजली की समस्या के कारण पूरी नहीं हो सकी, क्योंकि इससे अभ्यर्थियों को सवाल हल करने में परेशानी हो रही थी।
एनबीईएमएस सूत्रों ने बताया कि समिति बिजली आपूर्ति बाधित होने के पीछे की परिस्थितियों की जांच करेगी और व्यवधान के कारणों का पता लगाएगी।
उन्होंने बताया कि समिति में राजस्थान सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के एक वरिष्ठ इंजीनियरिंग अधिकारी को शामिल किया गया है।
एक सूत्र ने कहा, “समिति मामले की जांच करेगी और तय समय-सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।”
यह घटनाक्रम एनबीईएमएस की इस घोषणा के बाद सामने आया है कि दोनों केंद्रों के प्रभावित 2,445 अभ्यर्थियों के लिए नीट-पीजी परीक्षा पांच सितंबर को दोपहर तीन बजे जयपुर में फिर से आयोजित की जाएगी।
एनबीईएमएस ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है। उसने कहा है कि दोबारा परीक्षा इसलिए कराई जा रही है, ताकि प्रभावित अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और समान अवसर मिल सके।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप