सेना की दक्षिण-पश्चिमी कमान के सम्मेलन में सुरक्षा स्थिति और परिचालन तैयारियों की समीक्षा
सेना की दक्षिण-पश्चिमी कमान के सम्मेलन में सुरक्षा स्थिति और परिचालन तैयारियों की समीक्षा
जयपुर, छह जून (भाषा) सेना की दक्षिण-पश्चिमी कमान की दो दिवसीय ‘फॉर्मेशन कमांडर्स कॉन्फ्रेंस’ में पश्चिमी क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति तथा परिचालन तैयारियों को और मजबूत बनाने के उपायों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पांच और छह जून को आयोजित इस सम्मेलन की अध्यक्षता जयपुर स्थित सप्त शक्ति (दक्षिण-पश्चिमी) कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने की।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, सम्मेलन ने वरिष्ठ सैन्य कमांडरों को मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य और सामरिक तथा तकनीकी क्षेत्रों में उभरती चुनौतियों पर विचार-विमर्श के लिए एक मंच प्रदान किया।
उन्होंने बताया कि चर्चा का केंद्र सैन्य आधुनिकीकरण, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों को अपनाने, साइबर सुरक्षा, क्षमता और सामर्थ्य विकास तथा रक्षा तैयारियों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने जैसे विषय रहे।
इस सम्मेलन में कमांडरों ने वर्तमान सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और बदलते परिचालन एवं तकनीकी रुझानों के प्रभावों का आकलन किया। साथ ही युद्धक क्षमता को सुदृढ़ करने और उच्च स्तर की परिचालन तत्परता बनाए रखने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
प्रवक्ता के अनुसार, सम्मेलन को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने उभरते खतरों से निपटने में प्रौद्योगिकी आधारित समाधानों और नवाचारपूर्ण दृष्टिकोणों के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने मिशन की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए व्यापक मूल्यांकन से समर्थित यथार्थवादी और व्यवस्थित प्रशिक्षण की आवश्यकता भी रेखांकित की।
सेना कमांडर ने विभिन्न सैन्य संरचनाओं में व्यावसायिक उत्कृष्टता, नवाचार और प्रतिस्पर्धी भावना को बढ़ावा देने से संबंधित पहलों की भी समीक्षा की।
सम्मेलन के दौरान ड्रोन उप-इकाइयों, खेल टीमों और निशानेबाजी से जुड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया और प्रतिभागियों की व्यावसायिक दक्षता तथा समर्पण की सराहना की।
उन्होंने सभी सैन्य संरचनाओं से उच्च स्तर की परिचालन तैयारी बनाए रखने और संघर्ष के किसी भी स्वरूप में उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए सदैव तैयार रहने का आह्वान किया।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


